नजीबाबाद-गजरौला पैसेंजर ट्रेन का कोच पटरी से उतरा
नजीबाबाद(बिजनौर)। शंटिंग के दौरान नजीबाबाद स्टेशन पर नजीबाबाद गजरौला पैसेंजर ट्रेन का इंजन वाशिंग लाइन के अंत में पटरी छोड़कर गड्ढे में उतर गया। रेलवे ने शंटिंग स्टाफ को दोषी मानते हुए शंटर और शंटिंग मास्टर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
नजीबाबाद रेलवे स्टेशन पर मुरादाबाद का शंटर मनोज कुुमार नजीबाबाद-गजरौला पैसेंजर ट्रेन की शंटिंग कर रहा था। गजरौला पैसेंजर ट्रेन के अंत में एसएलआर कोच लगा था, बताया जाता है कि शंटिंग के दौरान मसूरी से आए कोटद्वार जाने वाले कोच और उसका एसएलआर भी शंटिंग के दौरान लगा था। शंटर और शंटिंग स्टाफ की लापरवाही से नजीबाबाद-गजरौला ट्रेन का एसएलआर वाशिंग लाइन के अंत में पटरी समाप्त होने पर ठोकर को तोड़कर गड्ढे में लटक गया। मंगलवार को प्रात: करीब 5.30 बजे हुई घटना से रेलवे में हड़कंप मच गया।
एडीईएन नजीबाबाद एके सिंह, एसएस जयपाल सिंह, टीआई आरके मीणा और रेलपथ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। मुरादाबाद से आई एआरटी रिलीफ ट्रेन ने सीनियर डीएमई भारत भूषण, एओएम सेफ्टी अंजू सिंह, टीआई सेफ्टी वाईपी सिंह, आरके राय की उपस्थिति में नजीबाबाद-गजरौला पैसेंजर ट्रेन के डिरेलमेंट हुए एसएलआर कोच को उठाकर करीब चार घंटे बाद पटरी पर रखा।
मुरादाबाद के शंटर मनोज कुमार, शंटिंग मास्टर रवींद्र सिंह को तत्काल प्रभाव से घटना के लिए जिम्मेदार मानते हुए रेलवे उच्चाधिकारियों ने निलंबित कर दिया। डिरेलमेंट हुए एसएलआर और एक कोच को अलग कर नजीबाबाद-गजरौला पैसेंजर ट्रेन को कुछ विलंब से गजरौला के लिए रवाना किया गया। घटना की संयुक्त रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेजी गई है।
...
सेफ्टी स्टॉफ रिपोर्ट बदलवाने में जुटा रहा
नजीबाबाद। रेलवे सेफ्टी की एओएम अंजू सिंह, टीआई सेफ्टी वाईपी सिंह, आरके राय घटना के संबंध में नजीबाबाद स्टेशन से प्रथम दृष्टया उच्चाधिकारियों को भेजी सूचना रिपोर्ट बदलवाने में लगे रहे। जिस स्थान पर एसएलआर कोच गिरा वहां सुरक्षा की दृष्टि से मजबूत ठोकर नहीं बनी हुई थी जिससे शंटिंग स्टाफ की मामूली सी चूक ने कोच को गड्ढे में गिरा दिया।
...
शंटिंग स्टाफ जिम्मेदार: डीआरएम
नजीबाबाद। डीआरएम मुरादाबाद तरुण प्रकाश ने बताया कि शंटिंग स्टाफ घटना के लिए जिम्मेदार है। जांच की जा रही है, रिपोर्ट आने के बाद स्टाफ पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नजीबाबाद स्टेशन पर पटरी से उतरा कोच उठाती क्रेन- फोटो : NAZIBABAD