नगीना में रोडवेज बस स्टेंड परिसर में स्थित रेन बसेरे में शिफ्ट कराए गए युवक।
- फोटो : BIJNOR
पैदल घर जा रहे छह युवक नगीना रोके गए
नगीना (बिजनौर)। लॉकडाउन के कारण कंपनी में कार्य बंद होने से जालंधर व लुधियाना से रेलवे ट्रैक द्वारा अपने घर पैदल जा रहे छह युवकों को नगीना पुलिस ने रोडवेज परिसर स्थित रेन बसेरे में शिफ्ट करा दिया है।
एसडीएम कुंवर वीरेंद्र मौर्य ने बताया की प्रशासन को सूचना मिली की छह युवक रेलवे ट्रैक द्वारा अपने घर पैदल जा रहे हैं। उन्हें पुरैनी रेलवे स्टेशन से पुलिसकर्मियों ने प्रशासन द्वारा बाहरी लोगों के ठहरने के लिए बनाए गए रोडवेज परिसर के रेन बसेरे में शिफ्ट करा दिया है। रेन बसेरे में शिफ्ट कराने से पूर्व सभी का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया। रेन बसेरे में मौजूद सुल्तानपुर निवासी शक्तिमान, बुद्धसेन, रोहित तथा सीतापुर निवासी पंकज, रमेश चंद व रमेश ने बताया कि वह सभी लुधियाना व जालंधर में एक कंपनी में काम करते हैं। लॉकडाउन के कारण जब कंपनी में कार्य बंद हो गया तो वह सभी एक अप्रैल को पैदल रेलवे ट्रैक द्वारा अपने घर के लिए निकल पड़े। बताया की शुक्रवार सुबह उन्होंने अपने गांव के प्रधान को सहायता के लिए फोन किया तब जाकर नगीना प्रशासन ने सूचना पर उन्हें रेन बसेरे में शिफ्ट कराया है। उन्होंने बताया कि पालिका प्रशासन द्वारा उन्हें सभी जरूरी सुविधाएं व भोजन उपलब्ध करा दिया गया है।