मुस्लिम बंदी भी रख रहे जेल में उपवास
बिजनौर। नवरात्र के पावन अवसर पर जेल में बंदी भी मां दुर्गा की भक्ति में लीन हैं। हिंदू बंदियों के साथ मुस्लिम बंदी भी नवरात्र में उपवास रख रहे हैं। ये हिंदू बंदियों के साथ बैरक में शाम को होने वाली आरती में भी शामिल होते हैैं। आजीवन कारावास की सजा काट रही एक महिला कैदी ने भी सारे उपवास रखे हैं। ये महिला भी कीर्तन में हिस्सा ले रही है। जेल में उपवास रखने वाले बंदियों को फलाहार दिया जा रहा है।
जिला कारागार भी नवरात्र में मां दुर्गा के जयकारों से गूंज रहा है। जेल में सुबह शाम माता की पूजा अर्चना होती है। जेल में 1101 बंदी हैं, इनमें 35 महिला शामिल हैं। महिलाओं में नौ मुस्लिम महिला बंदी हैं। नवरात्र में हिंदू बंदी ही नहीं मुस्लिम बंदी भी देवी मां की भक्ति में लीन हैं। 19 मुस्लिम बंदियों ने जेल में नवरात्र का उपवास रखा है। एक मुस्लिम महिला कैदी भी सारे उपवास रखे हैं। तमाम हिंदू बंदी जेल में माता की पूजा अर्चना कर रहे हैं। उपवास रखने वाली मुस्लिम महिला और मुस्लिम पुरुष बंदी प्रतिदिन होने वाली पूजा और भजन-कीर्तन में हिस्सा लेते हैं। उपवास रखने वाले लोगों को जेल में आलू, केला, दूध व अन्य फलाहार दिया जा रहा है। जेल प्रशासन नाश्ते से लेकर शाम के खाने तक का इन बंदियों का पूरा ख्याल रख रहा है। बंदियों को कोई भी परेशानी नहीं आने दी जा रही है। मां की आराधना करके बंदी जेल से छुटकारा भी मांग रहे हैं। जेलर शैलेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक जेल में 19 मुस्लिम पुरुष बंदियों के साथ एक महिला कैदी ने भी नवरात्र में उपवास रखे हैं। प्रतिदिन होने वाली आरती व भजन कीर्तन में भी ये लोग भाग ले रहे हैं।
आजीवन कारावास की सजा काट रही अफसरा
नहटौर के मोहल्ला ईदगाह निवासी जाकिर हुसैन की पत्नी अफसरा खातून को हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा हुई है। 14 जुलाई 2017 से वह जेल में सजा काट रही है। अफसरा ने नवरात्र के सारे उपवास रखे हैं। वह उपवास रखकर माता से जेल की सजा से छुटकारा मांग रही है। महिला बंदियों के साथ वह भजन कीर्तन में भी शामिल होती है।