दोबारा मतगणना कराने के लिए मुंशीरामपाल पहुंचे हाईकोर्ट
नहटौर (बिजनौर)। विधानसभा चुनाव में नहटौर सीट से रालोद-सपा गठबंधन के प्रत्याशी रहे मुंशीराम पाल ने भाजपा विधायक ओमकुमार की जीत को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। धांधली करने का आरोप लगाते हुए दोबारा मतगणना कराने की मांग की। हाईकोर्ट ने विधायक ओमकुमार, रालोद के टिकट पर चुनाव लड़े मुंशीराम पाल सहित दस लोगों को नोटिस जारी किया है। इस मामले में हाईकोर्ट में अगली सुनवाई 19 जुलाई को होगी।
नहटौर विधान चुनाव की मतगणना के दौरान रालोद प्रमुख जयंत चौधरी ने गठबंधन प्रत्याशी मुंशीराम पाल के जीतने का ट्वीट किया था। मतगणना में भाजपा प्रत्याशी ओमकुमार को 258 मतों से विजयी घोषित किया गया था। इसके बाद रालोद प्रमुख ने मतगणना में धांधली करके वर्तमान भाजपा प्रत्याशी ओमकुमार को जिताने का आरोप लगाते हुए भी मुख्य निर्वाचन आयोग को भी ट्वीट किया था। अब मुंशीराम पाल दोबारा मतगणना की मांग को लेकर हाईकोर्ट पहुंचे हैं। उन्हाेंने याचिका दायर की है। हाईकोर्ट ने 20 मई को उनकी याचिका स्वीकार करते हुए विधायक ओमकुमार और नौ अन्य प्रत्याशियों को नोटिस जारी किए हैं। मामले में अब 19 जुलाई को सुनवाई होनी है।
जीत को दी है चुनौती: प्रवीण देशवाल
रालोद नेता और वरिष्ठ अधिवक्ता प्रवीण देशवाल ने बताया कि याचिका में नहटौर विधायक ओमकुमार की जीत को चुनौती दी गई है। कई ईवीएम खराब होने और वीपीपैट से गिनती में धांधली का आरोप भी लगाया गया है।
मैं जीत रहा था, लेकिन परिणाम में हरा दिया: मुंशीराम पाल
पूर्व सांसद और नहटौर सीट से रालोद-सपा गठबंधन के टिकट पर चुनाव लड़े मुंशीराम पाल ने कहा कि मैं जीत रहा था। मतगणना में धांधली हुई है। मैं 311 वोट से जीत रहा था, लेकिन पांच ईवीएम मशीन खराब बताकर वीवी पैड से गिनती में उन्हें 258 वोट से हरा दिया गया। अब कोर्ट से न्याय मिलने की उम्मीद है।
इमानदारी से हुई मतगणना: ओमकुमार
नहटौर विधायक ओमकुमार ने कहा कि मुझे अभी तक याचिका के बारे में नहीं पता है और न ही कोई अभी तक नोटिस मिला है। रही बात मतगणना की तो सारा काम इमानदारी से हुआ है। हमें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। इन्हें वहां भी मुंह की खानी पड़ेगी।