बिजनौर टाउन हॉल में प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में मंचासीन अतिथिगण।
- फोटो : BIJNOR
साढ़े तीन हजार से अधिक परिवारों को मिली आवास योजना की किस्त
बिजनौर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत बैंक खातों में धनराशि ऑनलाइन ट्रांसफर की गई, जिले के तीन हजार 784 परिवारों के खातों में योजना का पैसा आया है। टाउन हॉल में कार्यक्रम का प्रसारण कराकर योजना के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि शासन द्वारा संचालित उक्त योजना से सभी लाभार्थियों को अपने आवास का आनंद और हर मौसम में सुरक्षित रहने का भरपूर लाभ प्राप्त होगा। कहा कि जिला प्रशासन द्वारा प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के पात्र लाभार्थियों को ही लाभ पहुंचाने का भरकस प्रयास किया गया है। उक्त योजना से लाभान्वित होने के लिए लाभार्थी के पास अपनी आवासीय भूमि का उपलब्ध होना आवश्यक है, जिस पर पक्का मकान निर्माण करने लिए लाभार्थी को कुल ढाई लाख रुपये उसके खाते में तीन बार में भेजे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री उक्त योजना के तहत जिला बिजनौर के कुल तीन हजार 784 के लाभार्थियों के खातों में धनराशि स्थानांतरित की गई। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा विभिन्न के लाभार्थियों से ऑनलाईन सीधे संवाद भी स्थापित किया गया। विधायक सुचि मौसम चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार ने खुद के पक्के मकान के सपने को सच कर दिखाया है। चेयरपर्सन रूखसाना परवीन ने कहा कि योजना का लाभ पात्रता के आधार पर दिया जा रहा है। इस दौरान एडीएम प्रशासन भगवान शरण दास, परियोजना निदेशक डूडा पवन शर्मा , सपा नेता शमशाद अंसारी, ईओ मनोज कुमार, मिशन मैनेजर पीके सैनी आदि मौजूद रहे।