स्योहारा। जल संरक्षण और स्वच्छता को नई दिशा देने की तैयारी तेज हो गई है। उस्मान अली खान चौराहे के पास स्थित तालाब की भूमि पर आधुनिक एसटीपी प्लांट स्थापित करने के लिए सर्वे किया गया। इस प्लांट के जरिए शहर के नालों का गंदा पानी शोधन कर स्वच्छ रूप में तालाब में पहुंचाया जाएगा।
स्योहारा नगर के उस्मान अली खान चौराहे के पास पेट्रोल पंप के पीछे स्थित तालाब की भूमि खसरा नंबर 2681, 2682 (क) और 2682 (ख) पर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) लगाने की दिशा में पालिका ने पहल तेज कर दी है। ईओ विजेंद्र सिंह पाल ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार शहर के सभी प्रमुख नालों से निकलने वाले गंदे पानी को एकत्र कर एसटीपी प्लांट तक लाया जाएगा। यहां अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से पानी का शोधन किया जाएगा, जिससे प्रदूषित जल पूरी तरह स्वच्छ और उपयोग योग्य बन सके। उन्होंने बताया कि शोधन के बाद प्राप्त जल को तालाब में छोड़ा जाएगा, जिससे तालाब में स्वच्छ जल की सतत आपूर्ति बनी रहेगी और उसका प्राकृतिक संतुलन कायम रहेगा। इससे न केवल जलभराव और गंदगी की समस्या खत्म होगी, बल्कि भूजल स्तर सुधारने में भी मदद मिलेगी। इसके साथ ही तालाब के सौंदर्यीकरण की भी व्यापक योजना तैयार की गई है। तालाब के चारों ओर पाथ-वे, आकर्षक फव्वारे और बोटिंग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि यह स्थल शहरवासियों के लिए प्रमुख पर्यटन और स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित हो सके। इस मौके पर जेई स्मृति गुप्ता, प्रधान लिपिक देवेंद्र सिंह, शान मोहम्मद, अमित कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।