लापता किशोर काशीपुर रिश्तेदारी में मिले
बिजनौर, रेहड़। गांव फतेहपुर धारा से दो दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए दो किशोर काशीपुर रिश्तेदारी में पहुंच गए। बच्चों के मिलने का पता लगने पर परिजनों ने राहत की सांस ली है। परिजन बच्चों को लेने लिए काशीपुर रवाना हो गए हैं।
फतेहपुर निवासी नोबहार ने बताया कि उसका चचेरा भाई अमित 13 वर्ष कल्लूवाला में सातवीं कक्षा में पढ़ता है। जबकि गांव का ही उसका साथी आदेश 11 वर्ष गांव में ही पांचवी कक्षा में पढ़ता है। दोनों बच्चों के पिता रामनगर में रहकर काम धंधा करते हैं। मंगलवार को दोनों स्कूल के लिए निकले थे। लेकिन घर वापस नहीं आए। परिजनों ने दोनों को सभी संभावित स्थानों पर तलाशा। किंतु कोई पता नहीं लग पाया। बुधवार को काशीपुर में रहने वाले रिश्तेदारों ने फोन से सूचना दी कि बच्चे काशीपुर है। सूचना मिलने पर परिजन बच्चों को लेने काशीपुर रवाना हो गए हैं।
एसओ संजय कुमार यादव ने बताया कि परिजनों द्वारा रात दस बजे फोन कर सूचना दी थी। बुधवार को परिजनों द्वारा बच्चों के मिलने की जानकारी दी गई है। इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। परिजन बच्चों को लेने के लिए काशीपुर गए हैं।