बिजनौर जनपद के झालू में सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती एक नाबालिग किशोरी को उसके घर से दूर ले आई। अलीगढ़ जनपद के ग्राम वेदपुर की रहने वाली एक नाबालिग युवती की फेसबुक पर बातचीत के दौरान झालू क्षेत्र के एक युवक से पहचान हुई। बातचीत बढ़ते-बढ़ते दोस्ती में बदली और फिर किशोरी युवक के संपर्क में गहराई से आ गई। इसी करीबी के चलते वह बिना किसी को बताए घर से निकलकर झालू पहुंच गई, जहां दोनों साथ रह रहे थे।
यह भी पढ़ें: नीला ड्रम केस: बैग में शव नहीं समाया तो काटकर ड्रम में भरा सीमेंट, कोर्ट में 4 घंटे चली विवेचक की गवाही
किशोरी के गायब होने पर परिजनों ने अलीगढ़ पुलिस से शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने युवती के मोबाइल की लोकेशन ट्रैक की, जो झालू क्षेत्र में मिलने पर तुरंत एक टीम मंगलवार देर शाम स्थानीय पुलिस के सहयोग से झालू के एक मोहल्ले में पहुंची। पुलिस ने वहां से किशोरी को युवक के साथ सुरक्षित बरामद कर लिया।
अलीगढ़ के थाना क्वासी के थाना प्रभारी नरेंद्र शर्मा ने बताया कि नाबालिग को सुरक्षित हिरासत में लेकर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।