बढ़ापुर। बढ़ापुर वन रेंज क्षेत्र की रामजीवाला बीट में एक सप्ताह पूर्व मिला हाथी का बच्चा अपनी मां की बाट जोह रहा है। बढ़ापुर वन रेंज क्षेत्र की रामजीवाला बीट में दो दिसंबर को एक हथिनी ने नर बच्चे को जन्म दिया था। बच्चे को जन्म देकर वह जंगल में चली गई थी। वनकर्मियों के गश्ती दल ने बच्चे को अपनी सपुर्दगी में लेकर आसपास जंगल में हथिनी को तलाशा लेकिन जंगल में दूर तक भी हथिनी का पता नहीं चला। वनकर्मी बताते हैं कि जन्म देने के अगले दिन हथिनी वहां बच्चे के पास आई थी लेकिन थोड़ी देर बाद ही जंगल की ओर चली गई थी। इसके दूसरे दिन भी हथिनी ने यही क्रिया अपनाई पर बच्चे को अपने साथ नहीं लेकर गई। इसके बाद हथिनी वापस नहीं आई। वनाधिकारियों के निर्देश पर लखनऊ और आगरा से आए पशु विशेषज्ञ डॉ. दक्ष व डॉ. गौचलन की दो अलग-अलग टीमें रेंज के वनकर्मियों के साथ हथिनी की तलाश में जंगल की खाक छान रहे है लेकिन उसका कहीं पता नहीं है। बढ़ापुर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी रमेश सिंह के अनुसार बाहर से आया पशु विशेषज्ञ चिकित्सक दल और वनकर्मी हथिनी को तलाशने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे है। संवाद