मीटर लग गए, लेकिन रीडिंग किसी ने नहीं ली
धामपुर। उमरी बिजलीघर के उपभोक्ताओं का आरोप है कि विद्युत निगम अधिकारियों ने उनके घरों पर कई महीने पहले बिजली के मीटर को लगवा दिए, लेकिन इन मीटरों की रीडिंग लेने कोई कर्मचारी नहीं आया है। कई बार बिजलीघर के जेई, एसडीओ और एक्सईएन से मीटर रीडिंग से बिल जारी करने की मांग की। लेकिन लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
सरकार की सख्ती के चलते विद्युत निगम की ओर से कई महीने पहले उपभोक्ताओं के घरों पर मीटर लगाए गए। लोगों को बताया गया कि अब उनका बिजली का बिल मीटर की रीडिंग से आएगा। लेकिन आज तक ऐसा नहीं हो सका है। इन मीटरों के लगा होने के बाद भी किसी का बिजली बिल रीडिंग के हिसाब से नहीं आ रहा है। गांव भवानीपुर तरकौला, उमरी के रणजीत सिंह, कृपाल सिंह, शौनाथ सिंह, गिरवर सिंह, रणवीर सिंह, उमरी के गणेश सिंह, चौधरी विक्रम सिंह का कहना है कि एक तो सरकार की ओर से एक किलोवाट की क्षमता के बिजली के कनेक्शनों को दो किलोवाट कर दिया। अब बिजली के मीटर लगा होने के बाद भी उनसे अत्यधिक बिलों की वसूली की जा रही है। ग्रामीणों ने निगम के अधिकारियों से हर माह रीडिंग के हिसाब से बिल जारी करने की मांग की है। वहीं, जेई का कहना है कि वह कई बार निगम के उच्चाधिकारियों को अवगत करा चुके हैं। जल्द ही समस्या का निदान होगा।