बिजनौर में कुत्तों को दूध पिलाती मीनू गुप्ता।
- फोटो : BIJNOR
निराश्रित गायों और कुत्तों का सहारा बनीं मीनू गुप्ता
बिजनौर। एलआईसी एजेंट मीनू गुप्ता कुत्तों और गाय की सेवा में लगी हैं। मीनू गुप्ता रोज सुबह शाम शहर के कुत्तों को भोजन कराती हैं और गोशाला में जाकर गोवंश की सेवा भी करती हैं। इन सबके बाद भी वह एजेंट के तौर पर अच्छा काम करने के लिए सम्मानित हो चुकी हैं।
मोहल्ला कुंवर बाल गोविंद निवासी मीनू गुप्ता एलआईसी एजेंट हैं। वे उत्कृष्ट कार्य करने के लिए कई बार सम्मानित हो चुकी हैं। वे बीमा करने के लिए कई मोहल्लों में जाती थीं तो भूखे कुत्ते उन्हें या दूसरे किसी को देखकर पूंछ हिलाने लगते थे। वे इन कुत्तों को कभी कभी दुकान से खरीदरकर कुछ खिला देती थीं। करीब पांच साल पहले उन्होंने कुत्तों को भोजन खिलाने का निर्णय लिया। शुरूआत उन्होंने अपने मोहल्लों के कुत्तों से की और फिर धीरे-धीरे इस दायरे को बढ़ा दिया।
मीनू गुप्ता अब सुबह के समय में अपने घर से शास्त्री चौक तक रोज कुत्तों को भोजन कराती हैं। वे कुत्तों के लिए रोटी, ब्रेड आदि लेकर जाती हैं। शाम के समय वे अपने मोहल्लों के कुत्तों को खाना खिलाती हैं। मीनू गुप्ता को देखकर कुत्ते उनकी तरफ प्यार से दौड़े चले आते हैं। लॉकडाउन के समय भी मीनू गुप्ता ने अपना यह अभियान जारी रखा और कुत्तों को भोजन कराती रहीं। उन्हें देखकर पुलिसकर्मियों ने भी उनकी तारीफ की और कभी कुत्तों को खाना खिलाने के लिए घर से बाहर आने से नहीं रोका। मीनू गुप्ता रोज शाम को प्रदर्शनी मैदान में बनीं गोशाला में भी जाती हैं और वहां गोवंश की सेवा करती हैं। मीनू बताती हैं कि अगर मन में सेवा का भाव हो तो व्यस्ततम जीवन से भी सेवा के लिए मौके निकाले जा सकते हैं। वे कहती हैं कि कुत्तों और गोवंश की सेवा करके उन्हें बहुत आनंद और जीवन की संतुष्टि मिलती है।