बिजनौर के नजीबाबाद में बार एसोसिएशन, भाजपा, इमाम काउंसिल ऑफ इंडिया सहित विभिन्न संगठनों ने नजीबाबाद से 25 किलोमीटर दूर मेडिकल कॉलेज स्थापना के प्रस्ताव का विरोध किया।
बार एसोसिएशन अध्यक्ष के नेतृत्व में एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया। नजीबाबाद में स्वीकृत मेडिकल कॉलेज के लिए जिला प्रशासन द्वारा नजीबाबाद से 25 किलोमीटर दूर इस्लामपुर साहू में जमीन का प्रस्ताव शासन को भेजने का मामला तूल पकड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने शासन और जिला प्रशासन से नजीबाबाद की पांच किलोमीटर परिधि में मेडिकल कॉलेज स्थापित कराने की मांग की है।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष वसीम अहमद एड., सचिव देवेंद्र सिंह, पूर्व अध्यक्ष मो. आसिफ हुसैन, खुर्शीद आलम, अबुल वफा, सुल्तान अहमद, राजकुमार सहित अनेक वकीलों के साथ कांग्रेस नेता अलताफ हुसैन, अमजद सिद्दीकी आदि ने एसडीएम सहदेव मिश्र को ज्ञापन सौंपकर इस्लामपुर साहू में जनभावनाओं को मेडिकल कॉलेज का प्रस्ताव निरस्त करने की मांग की।
भाजपा की आदर्शनगर में हुई बैठक में भाजपा नेता कुमुद कुमार ने मेडिकल कॉलेज के लिए देशभर से आने वाले विद्यार्थियों और क्षेत्रीय रोगियों की सुविधा के लिए पांच किलोमीटर परिधि में स्वीकृत मेडिकल कॉलेज बनवाने की मांग की।
भाजपा नेता संदीप तायल, पंकज शर्मा, चौधरी ईशम सिंह, डॉ.राजेश प्रभाकर, डॉ.महीपाल, हनीफ अखलाक, विक्रांत चौधरी, जगदीश जोशी, विपिन अग्रवाल, राजेंद्र त्यागी सहित वक्ताओं ने आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव में जिला प्रशासन नजीबाबाद के नागरिकों की भावना से खिलवाड़ कर रहा है।
उधर, इमाम काउंसिल ऑफ इंडिया के मंडल अध्यक्ष मुस्कीम राईन, फहमीद आलम, मतलूब अहमद, शरीफ अहमद, रईस अहमद ने इस्लामपुर साहू में मेडिकल कॉलेज के लिए जमीन का प्रस्ताव तैयार करने के लिए जिला प्रशासन की भूमिका को संदिग्ध बताया।
काउंसिल ने चेतावनी दी यदि नजीबाबाद रेलवे स्टेशन क्षेत्र से चार से छह किलोमीटर परिधि में मेडिकल कॉलेज की स्थापना नहीं हुई तो काउंसिल विरोध आंदोलन के लिए विवश होगी।