चांदपुर। गांव मीरापुर पाहुली में करीब विवाहिता सरिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव बूचानांगल निवासी 35 वर्षीया सरिता पुत्री सूरज सिंह की शादी 12 वर्ष पूर्व गांव मीरापुर पाहुली निवासी दीपक के साथ हुई थी। विवाहिता के करीब आठ-नौ साल की एक बेटी है। रविवार को उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। गांव बूचानांगल निवासी मृतका के पिता सूरज सिंह ने बताया कि रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे फोन आया कि आपकी लड़की सरिता को फांसी लगाकर मार दिया है। आप जल्दी से पुलिस लेकर आ जाओ। फोन से मिली सूचना पर वह अपने परिजनों के साथ लड़की की ससुराल मीरापुर पाहुली आया तो लड़की का शव खाट पर रखा था। ससुराल के लोग मौके से फरार थे। मृत विवाहिता के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
सीओ देश दीपक सिंह ने बताया कि 28 दिसंबर को गांव मीरापुर पाहुली से महिला द्वारा आत्महत्या करने की सूचना प्राप्त हुई थी। परिवार वाले हत्या का आरोप लगा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।