केलनपुर में किसान के घर में कई लाख की नगदी और जेवर चोरी
चांदपुर । क्षेत्र के गांव केलनपुर में चोर एक किसान के मकान में घुसकर कई लाख रुपये जेवर और करीब पांच लाख की नगदी चुरा कर ले गए। पीड़ित ने पुलिस को चोरी तहरीर दी।
क्षेत्र के गांव केलनपुर निवासी विजयपाल सिंह किसान हैं। उनके दो पुत्रों में एक पुत्र मोहित सीमा सुरक्षा बल में नौकरी करते है। एक पुत्र पिता के साथ खेती का कार्य देखते हैं। बुधवार को किसान विजयपाल सिंह अपने खेत में पानी देने गए । उनका पुत्र अखिलेश अपनी मां के साथ बाहर गया हुआ था। घर में किसान की मां पनवती और पुत्रवधू नीशु मकान के ऊपर के कमरे में सो रही थी। विजयपाल सिंह ने बताया कि रात्रि में चोर दीवार कूदकर मकान में घुसे और मकान के नीचे के कमरे में रखी कमरे की सेफ के ताले तोड़े और सेफ में रखे दोनों पुत्रवधुओं के करीब दस लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात व जमीन का बैनामा कराने के लिए रखे साढ़े पांच लाख रुपये चोरी कर फरार हो गए। चोरी का पता उस समय लगा, जब सुबह उनकी मां व पुत्रवधू नीचे उतर कर आई। उन्होेंने देखा कमरे में सारा सामान बिखरा है। संदूक खुले हैं और सेफ के ताले में टूटे पड़े हैं। उन्होंने चोरी की सूचना दी। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी।