नांगलसोती। मालन नदी पर बनाए गए तटबंध क्षेत्र में चोरी-छिपे रेत-बजरी का खनन होने से नदी में उफान आने पर तटबंध को खतरा होने की आशंका बढ़ गई है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से अवैध खनन रुकवाकर तटबंध की सुरक्षा की मांग की है।
नांगल क्षेत्र के गांव पूंडरीकला के निकट से मालन नदी गुजरती है। गांव मालन नदी के तट पर बसा है। वर्षाकाल में मालन नदी में उफान आने पर नदी का पानी गांव की ओर कटान करता है। यह स्थिति प्रतिवर्ष विकट होती जा रही है। लगातार हो रहे कटान को देखते हुए गतवर्ष सेतु निगम ने 20 लाख रुपये की लागत से नदी के किनारे गांव की ओर तटबंध बनाया था। ताकि मालन नदी कटान न करे और गांववासियों के खेतों और गांव को खतरा न बढ़े।
सेतु निगम के इस प्रयास से नदी तट के आसपास बसे करीब 40 परिवार ने राहत की सांस ली थी। लेकिन अब खनन माफियाओं ने तटबंध क्षेत्र को ही खोखला करना शुरू कर दिया है।दरअसल रोजाना कई-कई बुग्गी रेत-बजरी तटबंध के आसपास से नदी क्षेत्र से निकाली जा रही है। लगातार रेत-बजरी का खनन होने से तटबंध को खतरा बढ़ता जा रहा है। आगामी वर्षाकाल में नदी में उफान आने पर नदी तट के आसपास बसे परिवारों को फिर से भारी नुकसान का डर सताने लगा है। इस संबध में सुबोध राजपूत, दुष्यंत, कुलवीर, सुरेश, इरशाद अहमद, छोटे सिंह ने प्रशासन से तटबंध की सुरक्षा और अवैध खनन बंद कराने की मांग की।