शीतला माता को प्रसाद चढ़ाकर मांगी निरोगी काया
बिजनौर। शीतला माता मंदिर पर लगे बसोड़े का मेला में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। हजारों श्रद्घालुओं ने प्रसाद चढ़ाकर निरोगी काया रहने की प्रार्थना की और प्रसाद चढ़ाया। मान्यता है कि इस दिन प्रसाद चढ़ाने से चिकन पॉक्स व अन्य त्वचा रोग नहीं होते। हालांकि मेले में भारी संख्या में लोगों द्वारा मास्क न लगाने और सोशल डिस्टेंशिंग का पालन करने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई थी।
रविवार को शीतला माता मंदिर पर लगे मेले में श्रद्धालुओं ने प्रसाद चढ़ाकर परिजनों के निरोगी रहने की कामना की। श्रद्धालु परिजनों के निरोगी रहने की प्रार्थना तो करने आये लेकिन कोरोना संक्रमण से बचने के लिए उन्होंने खुद भारी लापरवाही कर गए। ज्यादातर लोग मास्क के बिना ही मेले में घूमते नजर आए। मंदिर और मंदिर के रास्ते पर पुलिस व्यवस्था बनाने में लगी थी। कार रिंग रोड पर रोकी जा रहीं थी तो ई रिक्शा रिंग रोड से कुछ दूर पहले ही रोक दी गई।
आज से न खाएं बासी खाना
होली के करीब एक सप्ताह बाद बसोड़े का मेला शीतला माता मंदिर पर लगता है। माना जाता है कि इस दिन से खाद्य पदार्थ कुछ घंटे बाद सड़ने लगता है। आज से बासी खाना नहीं खाया जाता है। शीतला माता मंदिर पर प्रसाद चढ़ाने से चिकन पॉक्स व अन्य त्वचा रोग संबंधित संक्रामक बीमारी नहीं होती है।