‘जरूरतमंदों को शीघ्रता से उपलब्ध कराएं ऋण’
बिजनौर। जिलाधिकारी ने जिला प्रबंधक अग्रणी बैंक को निर्देश दिए कि शासन द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत ऋण उपलब्धता केे संबंध में जो भी प्रकरण बैंकों को प्राप्त होते हैं, उन्हें गंभीरता से लें। लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर ऋण उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक लक्ष्य को शत प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए।
विकास भवन के सभागार में आयोजित उद्योग बंधुओं की बैठक में जिलाधिकारी रमाकांत पांडेय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। समीक्षा के दौरान कानून व्यवस्था, उद्योगों का लंबित भुगतान, केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं में ऋण उत्पादन, क्रेडिट लिंक्ड सब्सिडी, स्टांप ड्यूटी सहित अन्य मदों से संबंधित कोई प्रकरण नहीं पाया गया। निवेश मित्र योजना व सिंगल विंडो सिस्टम योजना के अंतर्गत उद्यमियों की समस्याओं के निराकरण के लिए बनाए गए पोर्टल पर विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 1327 शिकायतों का पंजीकरण पाया गया, जिसके सापेक्ष विभागों द्वारा 812 का निस्तारण कर दिया गया है, जबकि 69 आपत्तियों को खारिज कर दिया गया। ये भी संज्ञान में आया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत वित्तीय वर्ष 2020-21 में करीब 25.65 लाख रुपये मार्जिन मनी के लिए 1012 आवेदन पत्र जिले की विभिन्न बैंक शाखाओं को प्रेषित किए गए। इसके सापेक्ष बैंकों द्वारा लगभग 218.06 लाख की मार्जिन मनी के लिए 63 आवेदन पत्रों पर स्वीकृति प्रदान की गई। करीब 123.52 लाख की मार्जिन मनी के लिए 41 आवेदन पत्रों में क्लेम कर ली गई है और 91.09 लाख की मार्जिन मनी के लिए 30 आवेदन पत्रों में प्राप्त कर ली गई है। इस अवसर पर सीडीओ कामता प्रसाद सिंह, नजीबाबाद एसडीएम बृजेश कुमार सिंह, उपायुक्त उद्योग, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक सहित अन्य संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, जिले के उद्यमी मौजूद रहे।