मंडावर क्षेत्र का दौरा करते भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत।
- फोटो : अमर उजाला
मंडावर में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने गांव डेबलगढ़ जाकर नाव हादसे में मरे और लापता ग्रामीणों के परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि संगठन का हर एक सदस्य उनके साथ है।
राकेश टिकैत खादर क्षेत्र के कई गांवों में गए। उन्होंने गांव चाहड़वाला के पास जाकर घटनास्थल को भी देखा। गांव डेबलगढ़ में प्राथमिक विद्यालय में उन्होंने ग्रामीणों के साथ वार्ता की। ग्रामीणों ने कहा कि बालावाली से रावली तक तटबंध बनना चाहिए। तटबंध न होने से गंगा की लहरें हर साल खादर के किसानों की सैकड़ों बीघा फसल को बहा ले जाती हैं। कहा कि उनके गांव से गंगा पार पुल बनना चाहिए। जब तक पुल नहीं बनेगा ग्रामीणों की जान ऐसे ही जाती रहेगी। उन्होंने गंगा पार पैदा होने वाले गन्ने की खरीद वहीं कराने की मांग की। बताया कि उत्तम ग्रुप की पुरकाजी में भी एक चीनी मिल है। वह सड़क के माध्यम से आराम से उनका गन्ना खरीद सकती है। मृतकों तथा लापता किसानों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये और बचे ग्रामीणों को 50-50 हजार रुपये का मुआवजा दिलाने की मांग की। इस दौरान जिलाध्यक्ष दिगंबर सिंह, अरविंद कुमार, दिनेश सिंह आदि मौजूद रहे।