धूमधाम से निकली महर्षि वाल्मीकि शोभायात्रा
धामपुर। महर्षि वाल्मीकि सभा ने महर्षि वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में धूमधाम से शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा में 12 से अधिक झांकियां शामिल रहीं। नगर में जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया गया। महर्षि वाल्मीकि आश्रम में राम, लक्ष्मण व सीता की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। बैंड बाजे की धार्मिक धुन से नगर का वातावरण भक्तिमय हो गया।
वाल्मीकि बस्ती से शुरू हुई शोभायात्रा का शुभारंभ विधायक अशोक राणा, प्रदेश के पूर्व राज्यमंत्री मूलंचद चौहान, पालिकाध्यक्ष राजू गुप्ता, ब्लाक प्रमुुख पति नीरज प्रताप सिंह, समाजसेवी रवि चौधरी, राघव शरण गोयल व मयंक हंसराज ने एक साथ फीता काट कर किया। इस मौके पर विधायक ने महर्षि के आदर्शों पर प्रकाश डाला। शोभायात्रा के शुरू होने से पहले लोगों ने पूजन किया। शोभायात्रा नगर के सभी परंपरागत मार्गों से होकर निकली। शोभायात्रा में बैंड बाजा धार्मिक धुन गाता चल रहा था। युवक ढोल की थाप पर अखाड़े के हैरतंगेज करतब दिखाते चल रहे थे। अश्व को पकड़े लवकुश, महाकाली असुर युद्ध, संजीवनी लाते हनुमान आदि झांकियां लोगों के लिए आकर्षण रहीं।
व्यवस्था बनाने में सभा की ओर से वालंटियर्स लगाए गए थे। सीओ अजय कुमार अग्रवाल पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। कार्यक्रम में संदीप चैनवाल, दलीप चैनवाल, तरुण कुमार, शुभम कुमार, रवि मोनू, सुधीर चैनवाल, संजय कुमार, जितेंद्र कुमार, सागर सिंह, सतीश चौधरी, उदयराज सिंह, सभासद सोनू वाल्मीकि, अश्विनी, सुरेंद्र बॉबी, जसप्रीत रॉकी, जितेंद्र गोयल, तरुण बिश्नोई, फरीद डॉन, हैदर अली आदि मौजूद रहे। शोभायात्रा में जमकर आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया गया।