नजीबाबाद। तेज वर्षा और ओलावृष्टि सेे जन-जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। नगर के कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। विद्यार्थियों को आवागमन में असुविधा का सामना करना पड़ा।
शुक्रवार को अचानक तेज वर्षा होने और ओले गिरने से मौसम में ठंडक आ गई। नगर के मोहल्ला मुगलूशाह, हवेलीतला, रम्पुरा, मकबरा सहित कई क्षेत्रों में बृहस्पतिवार की देर रात से रुक-रुककर हो रही वर्षा से संपर्क मार्गों पर पानी भर गया। प्रात: सात बजे से 9 बजे के बीच कई बार वर्षा के बीच धूप निकली। अचानक 10 बजे घने बादल घिरने के साथ तेज वर्षा शुरू हो गई, जिससे नगर के विभिन्न क्षेत्रों में संपर्क मार्ग जलमग्न हो गए। नगर के रोडवेज बस स्टैंड के निकट मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम में पानी भर गया। पीडब्ल्यूडी कार्यालय परिसर तथा कई स्थानों पर जलभराव होने से राहगीरों को आवागमन में परेशानी हुई। जीआईसी मौसम वेदशाला के अनुसार बृहस्पतिवार रात्रि क्षेत्र में 15.6 मिमी और शुक्रवार को दिन में 28 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।