सौफतपुर बिजलीघर के चार एसएसओ बर्खास्त
नांगलसोती/नजीबाबाद। सौफतपुर बिजलीघर के चार संविदा एसएसओ की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है। चारों संविदाकर्मचारियों पर कृषि पोषक फीडर को लंबे अर्से तक प्रतिदिन डेढ़ घंटा अतिरिक्त विद्युत आपूर्ति देने का आरोप है।
विद्युत निगम के ग्रामीण क्षेत्र के एसडीओ पीयूष दीक्षित ने नांगलसोती थाना क्षेत्र के गांव सौफतपुर बिजलीघर पर तैनात संविदा एसएसओ रामधन, डालचंद, पूंडरीखुर्द निवासी सुनील कुमार, कंबोर निवासी सुनील कुमार को तत्काल प्रभाव से शासन के निर्देश पर बर्खास्त कर दिया। एसडीओ पीयूष दीक्षित ने बताया कि विद्युत निगम के चारों संविदा कर्मचारियों पर सौफतपुर बिजलीघर से निकले महम्सापुर और हरचंदपुर के कृषि पोषक फीडर को एक माह से अधिक तक रोजाना डेढ़ घंटा अतिरिक्त बिजली आपूर्ति देने का आरोप है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में संविदा कर्मचारियों को पूर्व में मानक के अनुरूप दिन में कृषि पोषक फीडर को केवल 10 घंटे विद्युत आपूर्ति देने को कहा जा चुका था। शासन स्तर से विद्युत आपूर्ति देने की ऑनलाइन प्रक्रिया में नांगल के दोनों कृषि पोषक फीडर को अतिरिक्त बिजली देने का मामला पकड़ा जाने पर संविदा कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त की गई हैं।
उधर, बर्खास्त किए संविदा बिजली कर्मचारियों ने स्वयं को निर्दोष बताया है। उनका कहना है कि बिजली कटौती तथा अन्य कारणों से जो आपूर्ति ग्रामीण क्षेत्र के कृषि पोषक फीडर को नहीं मिल पाती थी। उन्होंने उस अवधि की विद्युत आपूर्ति संबंधित फीडरों को दी है।