बिजनौर के मोहम्मदपुर देवमल ब्लॉक की ग्राम पंचायत मौजमपुर सुजान में खुली सार्वजनिक लाइब्रेरी को
- फोटो : BIJNOR
मौजमपुर सुजान पंचायत में लाइब्रेरी स्थापित
बिजनौर। मोहम्मदपुर देवमल ब्लॉक की ग्राम पंचायत मौजमपुर सुजान में पहली सार्वजनिक लाइब्रेरी खुली। लाइब्रेरी में युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पठनीय सामग्री उपलब्ध होगी। सदर विधायक सुची मौसम चौधरी व डीएम उमेश मिश्रा ने सोमवार को लाइब्रेरी का उद्घाटन किया।
जिले में 1123 पंचायत हैं, शासन की मंशा है कि ग्रामीण युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पढ़ाई की सामग्री गांव में ही मिले। इसके लिए पंचायतों में सार्वजनिक लाइब्रेरी खोली जा रही हैं। मोहम्मदपुर देवमल ब्लॉक की पंचायत मौजमपुर सुजान से सोमवार को इसकी शुरुआत हुई। सदर विधायक सुची मौसम चौधरी ने कहा कि सरकार ग्रामीण युवाओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रयासरत है। डीएम उमेश मिश्रा ने कहा कि लाइब्रेरी में एनसीईआरटी की किताबें उपलब्ध कराई जाएं, ताकि युवा प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अपडेट रहें। युवा भी परीक्षा के लिहाज से जरूरी किताबों के बारे में बता सकते हैं। सीडीओ केपी सिंह ने कहा है कि ग्रामीण युवाओं को शासन की योजनाओं का भरपूर लाभ उठाना है। डीपीआरओ सतीश कुमार ने बताया कि लाइब्रेरी प्रतिदिन खुलेगी। पंचायत सहायक उपस्थित रहेंगे। इस दौरान डीआरडीए के परियोजना निदेशक ज्ञानेश्वर प्रसाद मौजूद रहे।
ढाई लाख आई लागत, देखभाल पंचायत करेगी
डीपीआरओ सतीश कुमार ने बताया कि लाइब्रेरी ग्राम पंचायत द्वारा संचालित होगी। प्रतियोगी पुस्तक, मैगजीन तथा अन्य पठनीय सामग्री पंचायत को उपलब्ध कराई जाएगी। लाइब्रेरी में फर्नीचर उपलब्ध कराने समेत सज्जा में 230000 रुपये व्यय हुआ है। पुस्तक दानदाता लाइब्रेरी को पुस्तक व पढ़ाई का सामान डोनेट कर सकते हैं। बताया ने लाइब्रेरी सभी ग्राम पंचायतों में स्थापित होंगी। इसकी प्रक्रिया शुरू है।