पीली बांध में कम पानी, बाढ़ का खतरा नहीं
धामपुर। अफजलगढ़ सिंचाई खंड धामपुर के सहायक अभियंता धनंजय सिंह ने बताया कि भले ही पहाड़ों पर बारिश हो रही है। पर इस बारिश से मैदानी क्षेत्र में अभी बाढ़ की आशंका दूर तक नहीं है। रेहड़ का पीली बांध में पानी अभी क्षमता से कम है।
धामपुर तहसील क्षेत्र में धारा, बनैली और फीका नदी में जब बाढ़ की आशंका पैदा होती है जब रेहड़ का पीली बांध जल से लबालब हो जाता है और बारिश थमने का नाम नहीं लेती है। विभाग की ओर से बाढ़ चौकियों को पूरी तरह से अलर्ट कर रखा है। निर्देशित कर रखा है कि किसी प्रकार की विषम परिस्थिति पैदा होती है तो अविलंब अवगत कराया जाए। वैसे विभाग की ओर से इन तीनों नदियों पर कई स्थानों पर बाढ़ की आशंका को खत्म करने को काम भी कराया गया है। एई ने बताया कि हालांकि गंगा में पानी क्षमता से कम प्रवाहित हो रहा है। पर गंगा में पानी कम होने के बाद भी ज्यादा कटान हो रहा है। कटान को रोकने का भरसक प्रयास किया जा रहा है। विभाग के अधिकारी टीम के साथ गंगा के कटान को रोकने में लगे हैं। कालागढ़ के रामगंगा बांध में भी अभी क्षमता से कम पानी एकत्र है। अभी तो जलाशयों को मानक अनुरूप पानी से भरने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी विभाग के अधिकारियों का सहयोग करने की अपेक्षा की है।
पीली बांध में 39.2 एमसीएम क्षमता के सापेक्ष 9.37 एमसीएम पानी: धनंजय सिंह एई
सहायक अभियंता ने बताया कि पीलीबांध की क्षमता 39.2 मिलीयन क्यूबिक मीटर की है। जिसके सापेक्ष मंगलवार आठ बजे तक 9.37 एमसीएम पानी ही एकत्र हो सका है। बकौल एई, इस पानी में से क्षेत्र की आठ नहरें भी चल रही है। जिसमें क्यूबिक पानी प्रवाहित किया जा रहा है। क्षेत्र में अभी बाढ़ का कहीं दूर तक भी खतरा नहीं है।