अफजलगढ़। गांव महसनपुर की बस्ती में लगातार गुलदार दिखाई देने से ग्रामीण भयभीत हैं। ग्रामीण देर-सवेर घर से बाहर निकलने से भी कतरा रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से गांव में पिंजरा लगवाकर गुलदार को पकड़वाने की मांग की है।
बुधवार की रात तथा चार दिन से गुलदार गांव निवासी अजीत सिंह के घर के आसपास घूम रहा है। गुलदार रातभर गुर्राता रहता है। ग्रामीण गुरदीप सिंह, सतनाम सिंह, साहब सिंह, गुरबाज सिंह, हरदीप सिंह, गुरसेज सिंह, प्रीतम सिंह, दारा सिंह व सुक्खा गिल आदि का कहना है कि गुलदार गांव में शिकार की तलाश में आ रहा है। ग्रामीणों को आशंका है कि गुलदार किसी पर हमला कर सकता है। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से गांव में पिंजरा लगवाकर गुलदार को पकड़वाने की मांग की है। इस संबंध में रेंजर प्रदीप शर्मा ने ग्रामीणों से सतर्कता बरतने तथा शीघ्र पिंजरा लगवाने की बात कही है।