नगीना। नोएडा में आयोजित हुए यूपी अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में नगीना के हैंडीक्राफ्ट सामान की खूब धूम रही। यहां के शिल्पकारों द्वारा लकड़ी पर की गई नक्काशी का जादू विदेशी ग्राहकों के सिर चढ़कर बोला। विदेशी ग्राहकों को यहां के लकड़ी से बनी गुल्लक, छड़ी व डिब्बे खूब भाए। इस मेले की समाप्ति के बाद नगीना के हैंडीक्राफ्ट कारोबारियों को करोड़ो रुपये के विदेशी ऑर्डर मिलने की उम्मीद जगी है।
कारोबारी शमीम अख्तर ने बताया कि व्यापार मेले में पांच दिनों में बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक व ग्राहक उनके स्टाल पर पहुंचे। विदेशी ग्राहकों ने नगीना में लकड़ी से बने हैंडीक्राफ्ट के आइटम को खूब पसंद किया। उनके स्टाल पर छड़ी, आकर्षक डिब्बे, गुल्लक व बच्चों के खिलौने आदि विदेशी ग्राहकों को खूब भाए। विदेशी ग्राहकों से भी ऑर्डर की बात हुई है। उनका कहना है कि उन्हें उम्मीद है की व्यापार मेले के बाद उन्हें काफी संख्या में विदेशी आर्डर मिल सकेंगे। उल्लेखनीय है कि नोएडा में बीते 25 सितंबर से पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला लगा था।