नहटौर। गांव खेड़ी जट में सोमवार रात गुलदार ने एक पशुशाला में घुसकर बछड़े को मार डाला। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई। सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण किया।
गांव निवासी विवेक पुत्र राजपाल सिंह की पशुशाला गांव के बाहरी छोर पर स्थित है। मंगलवार सुबह पशुशाला पहुंचने पर बछड़ा मृत मिला। इसके बाद उन्होंने डायल-112 पर सूचना दी। पीआरवी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वन विभाग को अवगत कराया। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने घटना के संबंध में जानकारी ली। टीम ने ग्रामीणों से खेतों और जंगल के आसपास सतर्क रहने की अपील की है। बताया गया कि दो दिन पहले पंचायत के ही गांव फुलसंदी में भी गुलदार ने पुनीत तुषियार के खेत में माहे का शिकार किया था।
डिप्टी रेंजर हरदेव सिंह ने बताया कि मंगलवार को फुलसंदी में एक पिंजरा लगवाया गया है। खेड़ी जट में भी पिंजरा लगवाया जाएगा। प्रभावित पशुपालक को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू कराई जाएगी।