बिजनौर। जिला बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी की ओर से ई-पंजीकरण मॉड्यूल रजिस्ट्री कार्यालय में लागू करने के विरोध में डीएम को ज्ञापन सौंपा। साथ ही उन्होंने रेवेन्यू बार एसोसिएशन के धरना-प्रदर्शन को अपना समर्थन दिया।
रजिस्ट्री कार्यालय के सामने रेवेन्यू बार एवं जिला बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं की एक संयुक्त बैठक हुई। इसमें जिला बार एसोसिएशन एवं रेवेन्यू बार एसोसिएशन के दोनों अध्यक्षों ने एकता बनाकर इस आंदोलन को गति देने के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं के सामने हाथ उठाकर वकील एकता को बनाए रखने के लिए एकजुट होने का वादा किया। वहीं, सभी अधिवक्ताओं ने इस मांग को पूरी करने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। इस मौके पर जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र कुमार, सचिव मनोज सेठी, पूर्व अध्यक्ष यशपाल सिंह, रेवेन्यू बार अध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह, अरविंद कुमार, अधिवक्ता राजीव चौहान, मोहित मलिक, सुरेंद्र, सौरभ, अंकित आदि मौजूद रहे।