धामपुर में पत्रकारों से वार्ता करते विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विजय शंकर तिवारी व साथ में अन्य
- फोटो : DHAMPUR
धर्मांतरण कराने वालों के खिलाफ बने कानून: विजय शंकर
धामपुर (बिजनौर)। विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विजय शंकर तिवारी ने कहा कि धर्मांतरण व लव जेहाद के मामले को लेकर देश के हालात ठीक नहीं चल रहे है। हिंदू संगठनों को एक मंच पर आकर लोगों को जागरूक करने का प्रयास करना होगा। उन्होंने केंद्र सरकार से धर्मांतरण और लव जेहाद के मुद्दे पर कानून बनाने की मांग उठाई।
विहिप के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार गोयल के आवास पर पत्रकारों से वार्ता में उन्होंने कहा कि वर्तमान में धर्मांतरण, लव जेहाद देश के लिए एक बड़ी चुुनौती बन गया है। इसके लिए सभी को एक होकर जागरूक होना होगा। यदि ऐसा नहीं हुआ तो इसके भयंकर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार बढ़ती जनसंख्या पर रोक लगाने के लिए कानून ला रही है। विहिप इसका स्वागत करता है। इसी प्रकार से धर्मांतरण और लव जेहाद के खिलाफ भी कानून बनना चाहिए। आईपीसी अधिनियम में आरोपियों को कड़ी सजा का प्रावधान दिया जाना चाहिए। ऐसा होने से इस पर काबू पाया जा सकता है। देश में जनसंख्या से भी ज्यादा खतरनाक धर्मांतरण, लव जेहाद हो गया है।
उन्होंने एनआरसी, सीएए कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने की भी मांग उठाई। कहा कि यदि इसे न रोका गया तो एक दिन हिंदू समाज खोखला हो जाएगा। उन्होंने कहा कि अयोध्या का राम मंदिर भव्य बनने जा रहा है, जो लोग जमीन की खरीद में ट्रस्ट को बदनाम करने का प्रयास कर रहे है। वह चाहते हैं कि यह मामला किसी तरह से एक बार फिर से कोर्ट कचहरी में चला जाए। इस मौके पर जिला संगठन मंत्री बृजेश कुमार, अरुण प्रताप चौधरी, अमोघ गोयल, नितिन अग्रवाल आदि मौजूद रहे।