संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। यदि सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो नगीना कताई मिल की जगह पर युवाओं के खेलने के लिए मिनी स्टेडियम बन सकता है। स्थानीय विधायक मनोज पारस की मांग पर कताई मिल की खाली जगह पर मिनी स्टेडियम बनाने के लिए दो सदस्यीय टीम ने निरीक्षण किया।
स्थानीय सपा विधायक मनोज पारस ने 28 नवंबर को लखनऊ में मुख्यमंत्री से मिलकर नगीना में कताई मिल की खाली पड़ी जगह पर युवाओं के खेलने के लिए मिनी स्टेडियम बनवाने की मांग की थी। बृहस्पतिवार की दोपहर शासन के निर्देश पर बिजनौर से दो सदस्यीय टीम ने कताई मिल की जगह का निरीक्षण किया।
टीम सदस्य क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी आकाश मलिक और रजनी ने बताया कि महानिदेशक युवा कल्याण विभाग के आदेश पर वे कताई मिल की जगह का निरीक्षण करने पहुंचे हैं।
बताया कि मिनी स्टेडियम बनाए जाने के लिए दो हेक्टेयर जमीन की आवश्यकता होती है, जबकि कताई मिल की जगह इससे भी काफी ज्यादा है।
उन्होंने बताया कि निरीक्षण कर लिया है, जिसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। उन्होंने माना कि मिनी स्टेडियम बनाए जाने के लिए यह जगह प्रथम दृष्टि में उपयुक्त लग रही है। इस मौके पर सपा के नगर अध्यक्ष सुहैल इकबाल, अजय पांडे भी मौजूद रहे।