संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। सांसद चंद्रशेखर ने संसद में नगीना, धामपुर, किरतपुर, स्योहारा और जलालाबाद आदि नगरों में रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज बनाने की मांग उठाई है। कहा कि उनका लोकसभा क्षेत्र नगीना बहुत पिछड़ा हुआ है।
नजीबाबाद से मुंबई, जम्मू व दिल्ली के लिए दिन के समय नई ट्रेन चलाने की भी मांग की है। उन्होंने रेल मंत्री से जनरल कोच बढ़ाने, कोरोना काल में बंद हुई ट्रेनों को पुनः सुचारू कराने तथा एससी, एसटी और ओबीसी के बच्चों को पूर्व की तरह परीक्षाओं में ट्रेन से जाने के लिए फ्री पास उपलब्ध कराने की मांग की है।
उन्होंने रेलवे के निजीकरण पर रोक लगाने की भी मांग की। सांसद ने नजीबाबाद रेलवे स्टेशन पर वंदेभारत ट्रेन का स्टॉपेज देने पर रेल मंत्री का धन्यवाद भी किया।