बिजनौर। चोरों ने गाजियाबाद पुलिस लाइन में तैनात दरोगा अशोक के बंद पड़े मकान को निशाना बना लिया। ताले तोड़कर छह तौला सोने के आभूषण और पचास हजार रुपये चोरी कर लिए। उधर, पड़ोस के ही गांव पेदी में भी चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाया। फिलहाल पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
शहर कोतवाली के गांव सालमाबाद निवासी अशोक उर्फ भोले उत्तर प्रदेश पुलिस में दरोगा हैं। वर्तमान में वे गाजियाबाद में तैनात है। गांव में उनका घर बंद रहता है। मंगलवार की शाम को उनके घर के ताले टूटे मिले तो परिवार के लोगों ने अंदर जाकर देखा। सभी कमरों और अलमारियों को खंगाला जा चुका था।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि करीब छह तौले सोने सहित चांदी के आभूषण चोरी हुए हैं। इसके अलावा पचास हजार रुपये भी चोरी कर ले गए। लाइसेंसी बंदूक को चोरों ने हाथ नहीं लगाया। शहर कोतवाल उदयप्रताप ने गांव सालमाबाद पहुंचकर मुआयना किया और आसपास के सीसीटीवी खंगाले।
उधर, देर रात दरोगा अशोक भी गांव पहुंचे और जानकारी ली। इसके अलावा गांव पेदी में भी चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाया। यहां अंकुर के घर के ताले तोड़कर करीब पांच लाख के आभूषण चोरी कर लिए गए। 70 हजार रुपये भी चोरी हुए हैं। इसके अलावा चार सीसीटीवी कैमरे, सीसीटीवी और एलईडी भी चोरी कर ले गए। बताया गया कि अंकुर अपने परिवार के साथ रिश्तेदारी में जन्मदिन की दावत में गया था। सीओ ने बताया कि जल्द ही चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा। आरोपियों की तलाश की जा रही है।