मजदूर कल्याण समिति ने मजदूर हितों के समर्थन में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मजदूरों को उत्पीड़न से निजात दिलाने और मजदूर परिवारों के उत्थान के लिए भत्ता देने की मांग उठाई।
मजदूर कल्याण समिति के मंडल अध्यक्ष सरदार बुद्ध सिंह, जिला प्रभारी प्रमोद मौर्य और जिलाध्यक्ष मोनू सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में मजदूर शुक्रवार दोपहर तहसील मुख्यालय पर एकत्र हुए।
सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए मजदूर एसडीएम कार्यालय के समक्ष धरने पर बैठ गए। सरदार बुद्घ सिंह ने शासन-प्रशासन पर मजदूर तबके की अनदेखी करने और पूंजीपतियों के हाथों की कठपुतली बनने का आरोप लगाया।
करीब डेढ़ घंटा धरना देने के बाद प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सहदेव मिश्र को सौंपा।
जिसमें खनन मजदूर हित में बरसाती नदियों में खनन कार्य शुरू कराने, सरकारी विद्यालयों में खाना बनाने वाली महिलाओं का मानदेय पांच हजार रुपये प्रतिमाह करने, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में सभी पात्रों को खाद्यान्न मार्च 2016 से ही वितरित कराने, मनरेगा मजदूरों की मजदूरी 300 रुपये प्रतिदिन और वित्तीय वर्ष में कम से कम 300 दिन का रोजगार देने की आदि मांग उठाई।