नजीबाबाद में कृष्णा टाकीज चौराहे पर जाम में फंसी एबुलेंस।
- फोटो : NAZIBABAD
कृष्णा टाकीज चौराहे पर लगा जाम, एंबुलेंस फंसी
नजीबाबाद। नगर के कृष्णा टाकीज चौराहे पर नागरिकों को जाम से जूझना पड़ा। ई-रिक्शा के बेतरतीब चौराहे से गुजरने और सुरक्षाकर्मी तैनात न होने से एक एंबुलेंस जाम में काफी समय से फंसी रही। वाहनों को रोककर एंबुलेंस को निकलवाया गया।
नगर के बीच से होकर नजीबाबाद-हरिद्वार नेशनल हाईवे गुजर रहा है। तीर्थ नगरी हरिद्वार आने-जाने अधिकांश वाहन नगर के बीच से गुजरते हैं। नगर के कृष्णा टाकीज चौराहे पर आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। ई-रिक्शा के बेतरतीब चौराहे से गुजरने और सुरक्षाकर्मियों के अभाव में अक्सर लोगों को जाम से जूझना पड़ता है। सोमवार को कृष्णा टाकीज चौराहे पर कई बार जाम लगा रहा। कृष्णा टाकीज चौराहे से पूर्व दिशा में मालगोदाम तक और पश्चिम दिशा में पूजा नर्सिंगहोम तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। राजकीय महिला चिकित्सालय से मरीज लेकर जा रही एक एंबुलेंस काफी देर तक जाम में फंसी रही। कुछ लोगों ने दोनों तरफ के वाहनों को रोककर एंबुलेंस को जाम से निकलवाया। शाहिद सिद्दीकी, शुएब अहमद, अभिनव अग्रवाल, विवेक कुमार, आरिफ आदि का कहना है कि महाशिवरात्रि के बाद चौराहे से सुरक्षाकर्मी हटाए जाने से चौराहे पर जाम की स्थिति बनी है। चौराहे से गुजरने वाली बेतरतीब ई-रिक्शा और लोगों द्वारा यातायात नियमों का पालन न करने से जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। उन्होंने प्रशासन से जाम से निजात दिलाने की मांग की है।
उधर, थाना प्रभारी संजय कुमार शर्मा का कहना है कि बोर्ड परीक्षा के चलते पुलिस की ड्यूटी परीक्षा केंद्र पर लगाई गई है। कृष्णा टाकीज चौराहे के जाम से निपटने के लिए पुलिस को तैनात किया जाएगा और ई-रिक्शा के बेतरतीब संचालन पर अंकुश लगाया जाएगा।