दो लाख किसानों के खातों में पहुंची तीसरी किश्त
बिजनौर। दीपावली से पहले केंद्र सरकार ने किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की तीसरी किश्त का तोहफा दे दिया है। पहले तीसरी किश्त के लिए आधार नंबर को अनिवार्य किया था, लेकिन किसानों को आ रही परेशानी के चलते इसमें केंद्र सरकार ने राहत दी थी। जिले के एक लाख 96 हजार से अधिक किसानों के खाते में तीसरी किश्त भेजी जा चुकी है।
केंद्र सरकार ने बजट में किसानों को हर साल छह हजार रुपये देने की घोषणा की थी। तीन किश्तों में यह राशि किसानों के खाते में जाती है। किसानों को खाद, बीज आदि की खरीद में आर्थिक मदद देने के लिए यह योजना शुरू की गई है। योजना की शुरूआती दो किश्त में आधार नंबर को अनिवार्य नहीं किया गया था, लेकिन तीसरी किश्त में आधार नंबर को अनिवार्य किया गया था। इसके अलावा जिन किसानों के आधार नंबर, बचत खाते व जमीन की खसरा खतौनी में स्पेलिंग में कुछ गड़बड़ थी, उसे भी सुधरवाने के लिए किसानों से कहा गया था। जिले भर में 13 स्थानों संशोधन करने के लिए कृषि विभाग ने व्यवस्था की थी। संशोधन कराने में किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। किसानों को हो रही परेशानी को देखते हुए केंद्र सरकार ने तीसरी किश्त के लिए आधार नंबर की अनिवार्यता में ढील दी गई थी। इससे जिले के किसानों को भी फायदा हुआ है। जिले के एक लाख 96 हजार 362 किसानों के खाते में दो हजार रुपये की तीसरी किश्त आ गई है।
इतने किसानों के खातों में आई राशि
जिले के दो लाख 58 हजार 162 किसानों के खातों में पहली किश्त, दो लाख 28 हजार 706 किसानों के खातों में दूसरी किश्त तथा एक लाख 96 हजार 362 किसानों के खाते में तीसरी किश्त आ चुकी है। उपनिदेशक कृषि जेपी चौधरी के अनुसार तीसरी किश्त किसानों के खातों में भेजी जा रही है। राशि शासन स्तर से ही किसानों के खातों में भेजी जा रही है।