धामपुर में किसान मेले में गन्ना विभाग के अधिकारियों को शिकायत दर्ज कराते किसान।
- फोटो : DHAMPUR
धामपुर। गन्ना विभाग की ओर से किसानों की गन्ना सट्टा संबंधी समस्याओं का निदान कराने के लिए समिति मेें दस दिवसीय किसान मेले का आयोजन शुरू किया गया, पहले दिन 21 शिकायतें आईं, जिनका विभाग के अधिकारियों ने निष्पादन का काम शुरू कर दिया है।
बुधवार से सहकारी गन्ना विकास समिति लिमिटेड धामपुर में 10 दिवसीय गन्ना सट्टा प्रदर्शन मेले का शुभारंभ शुगर मिल धामपुर गन्ना जीएम ओमवीर सिंह, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक गन्ना विकास परिषद अमित कुमार पांडेय, वरिष्ठ गन्ना प्रबंधक मनोज चौहान, लोकेंद्र ढाका, पूर्व समिति सभापति ठाकुर कुशलपाल सिंह ने किया। महाप्रबंधक गन्ना ओमवीर सिंह ने अवगत कराया कि इस बार शुगर मिल अक्टूबर माह के दूसरे पखवाड़े में चलाई जाएगी। शुगर मिल की अन्य योजनाओं के बारे में भी उन्होंने जानकारी दी।
एससीडीआई अमित कुमार पांडेय ने कृषकों से अपील की कि सट्टा प्रदर्शन मेले के दौरान कृषक अपने सर्वे एवं सट्टे के आंकड़ों को देख लें। ग्रामवार प्रदर्शन में प्राप्त शिकायत का निष्पादन/जांच करके संशोधन करा दिया गया है। कच्चे कलेंडर के आंकड़े ऑनलाइन कृषक के पेज पर उपलब्ध हैं। कृषकों को यदि कोई शिकायत है तो उसका लिखित प्रत्यावेदन मेले में अवश्य प्राप्त करा दें, जिससे उसका समय से जांच कर निष्पादन हो सके। सर्वेक्षण/सट्टे में सुधार का यह अंतिम अवसर है। मेला समाप्त होने के उपरांत सर्वे/ सट्टा संबंधित कोई भी शिकायत ग्राह्य नहीं होगी। मेले में सर्किलवार कृषकों की सुविधा हेतु 30 काउंटर लगाए गए है। ऑनलाइन घोषणा पत्र भरने से वंचित रह गए कृषकों को घोषणा पत्र भरने हेतु काउंटर भी खोला गया है।