गांव रामपुर चाठा में लाठी-डंडों से पीटकर युवक को मार डाला
मंडावली/नजीबाबाद (बिजनौर)। मंडावली क्षेत्र के गांव रामपुर चाठा में शनिवार रात एक व्यक्ति की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक के भाई ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि आरोपी के दोनों बेटे फरार हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्राम रामपुर चाठा निवासी मुकेश शनिवार की रात करीब नौ बजे नशे की हालत में अपने घर जा रहा था। इस दौरान घर के बाहर खड़े 48 वर्षीय मदन सिंह से उसकी कहासुनी हो गई। दोनों में गाली गलौज के साथ मारपीट शुरू हो गई। शोर सुनकर मुकेश के दोनों बेटे रवि और नीतिश डंडे लेकर वहां पहुंच गए। तीनों बाप-बेटों ने मिलकर मदन को पीटना शुरू कर दिया। सिर में डंडे लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद मुकेश और उसके बेटे रवि और नीतिश फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मदन के भाई विजय सिंह ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एसपी ग्रामीण संजय कुमार और सीओ गजेंद्र पाल सिंह शनिवार रात को ही घटनास्थल पर पहुंचे। मंडावली थाना प्रभारी हिमांशु चौहान ने बताया कि आरोपी मुकेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके दोनों बेटे फरार हैं, उनकी तलाश की जा रही है। रविवार सुबह से गांव में पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए।
हत्या के बाद मदन को खींचकर ले जाने का आरोप
नजीबाबाद। मदन के भाई विजय सिंह ने पुलिस को बताया कि मदन को पीटने के बाद आरोपी तीनों बाप-बेटे मारने के बाद खींचकर घर की ओर ले जा रहे थे। लोगों के घरों के बाहर निकलने के बाद तीनों मदन को छोड़कर भाग गए। आरोपी के फरार दोनों बेटों को जल्द गिरफ्तार कर कार्रवाई करने की मांग की है।
थाना प्रभारी उठाएंगे अंतिम संस्कार का खर्च
नजीबाबाद। एसपी धर्मवीर सिंह ने रविवार को रामपुर चाठा पहुंचकर मृतक के परिजनों से वार्ता कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने मृतक के परिजनों को आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि मृतक के अंतिम संस्कार का खर्च मंडावली थाना प्रभारी हिमांशु चौहान उठाएंगे। साथ ही उनके द्वारा मृतक के परिवार को एक माह का राशन दिया जाएगा।