हरिद्वार से लौटे कांवड़ियों का किया स्वागत
नगीना। महाशिवरात्रि के अवसर पर प्राचीन बड़ा मंदिर श्री मुक्तेश्वर नाथ में जलाभिषेक करने के लिए हजारों की संख्या में कांवड़ियों के नगीना पहुंचने पर लोगों ने उनका स्वागत किया। मंदिर को फूलों व रंग बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। जलाभिषेक का कार्य देखने वाली बर्फानी सेवा समिति के अध्यक्ष शीतांशु अग्रवाल ने बताया कि बुधवार रात 12 बजे से जलाभिषेक शुरू हो गया। स्टेशन रोड पर राष्ट्रीय पत्रकार संगठन व सुयश कांप्लेक्स के दुकानदारों द्वारा संयुक्त रूप से लगाए गए शिविर का शुभारंभ चेयरपर्सन के पति शेख खलीलुर्रहमान, समाजसेवी साहू संतोष कुमार अग्रवाल, वरिष्ठ पत्रकार प्रदीप जैन, कांग्रेस के पूर्व जिला महामंत्री अरशद प्रिंस, मनीष राणा, शेख राशिद, ब्राह्मण सभा नगीना के अध्यक्ष पंडित सचिन शर्मा, सुनील विश्नोई ने किया। शेख परवेज पाशी, ब्राह्मणी वाले तालाब पर कांवड़ सेवा समिति के गोरखनाथ खन्ना, नंदकिशोर कालरा, चेतन सचदेवा, घनश्याम मुठरेजा, राजकुमार सेठी ने भी शिविर लगाया। एसडीएम घनश्याम वर्मा, सीओ राकेश श्रीवास्तव , तहसीलदार हामिद हुसैन आदि ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कांवड़ लेकर पहुंचे शिवभक्त, सजे शिवालय
रेहड़। शिवभक्तों के जत्थे बुधवार को अपनी मंजिल पर पहुंच गए। मंदिरों व शिवालयों को सुंदर तरीके से सजाया गया। नारायणवाला, माधोवाला, त्रिलोकपुर, पुख्खेवाला आदि जाने वाले शिवभक्त कासमपुरगढ़ी होकर भोले के जयकारों व ढोल की थाप के साथ मस्ती में अपने गंतव्य की ओर बढ़ते दिखाई दिए। मुख्य बाजार स्थित शिव मंदिर, कोटबाग स्थित कालिका मंदिर, आचाराजन के शनि मंदिर तथा चिंतावाला के महादेव मंदिर पर सुंदर सजावट की गई है। सभी मंदिरों में शिवभक्तों के भोजन व रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई है।