बिजनौर। महाशिवरात्रि पर्व पर बदरा जमकर बरसे लेकिन भोले के भक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। शिवालयों पर उन्होंने झमाझम बारिश के बीच जलाभिषेक किया। हरिद्वार से कांवड़ में गंगाजल लेकर आए शिवभक्तों ने शिवालयों पर जमकर जलाभिषेक किया। शिवालयों में हर हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे।
महाशिवरात्रि पर्व पर आधी रात से शिवालयों पर जलाभिषेक शुरू हो गया था। कांवड़ियों की शिवालयों पर लाइन लगनी शुरू हो गई थी। रात 12 बजे से बदरा जमकर बरसे। दिन भर झमाझम बारिश के बीच भोले के भक्त जलाभिषेक करने शिवालयों पर आते जाते रहे। बिजनौर में गीता नगरी स्थित शिव मंदिर, बालाजी मंदिर, 84 घंटा मंदिर, पंचमुखी हनुमान मंदिर, लाखन के घेेर स्थित शिव मंदिर, शीतला माता मंदिर समेत तमाम शिवालयों पर श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। झालू मार्ग स्थित कुबड़ा शिव मंदिर पर भी आधी रात से श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। गांव खारी स्थित प्रसिद्ध झारखंडी शिव मंदिर पर आधी रात से लंबी लाइन लगी हुई थी। कांवड़ियों ने शिवालयों पर जलाभिषेक किया। इस मंदिर पर मेले का आयोजन भी किया जाता है। बिजनौर समेत दूर दराज के शिवभक्त इस शिवालय पर कांवड़ में लाए जल से जलाभिषेक करने आते रहे। झालू चौकी इंचार्ज संदीप पंवार पुलिस बल के साथ व्यवस्था बनाने में जुटे रहे। कस्बा झालू स्थित मनोकामना शिव मंदिर पर भी आधी रात से ही शिवभक्तों ने जलाभिषेक शुरू कर दिया था। दिन भर वहां शिवभक्तों का तांता लगा रहा। रामलीला मैदान स्थित शिव मंदिर, ठाकुरद्वारा शिव मंदिर, छतरीवाला कुआं स्थित शिव मंदिर, बड़ा बाजार स्थित शिव मंदिर, महामृत्युंजय मंदिर समेत तमाम शिवालयों पर भी शिवभक्तों की भीड़ लगी रही।
नगीना में बड़ा मंदिर श्री मुक्तेश्वर नाथ के द्वार पर लगी श्रद्धालुओं की भारी भीड़।- फोटो : BIJNOR
अफजलगढ़ में मंदिर में महादेव का जलाभिषेक करने को लाइन में लगे श्रद्घालु।- फोटो : BIJNOR