हीमपुर दीपा। गांव नाईपुरा में महाशिवरात्रि के पर्व पर ग्रामीणों द्वारा चामुंडा देवी मंदिर में स्थापित शिवजी की मूर्ति को पुलिस द्वारा हटाने से ग्रामीणों में रोष फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने शीघ्र ही मूर्ति स्थापित न होने पर धर्म परिवर्तन कर गांव से पलायन करने की चेतावनी दी है।
शनिवार की देर शाम ग्रामीणों ने गांव के चामुंडा देवी मंदिर पर शिवजी की मूर्ति की स्थापना की थी, जिस पर गांव के ही राकेश पाल परिवार ने विरोध करते हुए पुलिस को सूचना दे दी। सूचना पर पहंचे सीओ चांदपुर देश दीपक, थाना प्रभारी निरीक्षक हीमपुर दीपा जय भगवान ने मौका मुआयना करते हुए शिवजी की मूर्ति को मंदिर से हटा दिया। इसे लेकर ग्रामीणों में रोष फैल गया। ग्रामीणों का कहना है कि यह मंदिर बहुत पुराना है और मंदिर में शिवलिंग स्थापित है। हर वर्ष शिवरात्रि पर भक्तगण जलाभिषेक करते हैं, जिसके चलते मंदिर में शिवजी की मूर्ति स्थापित की थी। वहीं विरोध करने वाले परिवार राकेश पाल, ऋषिपाल, सोनू आदि का कहना है कि यह चामुंडा देवी का मंदिर है। इसमें शिवजी की मूर्ति स्थापित नहीं करने देंगे।
सीओ चांदपुर देश दीपक का कहना है की चामुंडा देवी मंदिर में शिवजी की मूर्ति की स्थापना का एक पक्ष के लोगों ने विरोध किया था, जिस पर गांव में कोई नई परंपरा की इजाजत न देते हुए दोनों पक्षों की सहमति पर मूर्ति को हटवा दिया गया है। वहीं, पाल समाज व वाल्मीकि समाज के लोगों ने शीघ्र मूर्ति स्थापित न होने पर धर्म परिवर्तन तथा गांव से पलायन की चेतावनी दी है। शांति व्यवस्था को लेकर गांव में पुलिस तैनात है।