नहटौर। नहटौर थाने में तैनात उपनिरीक्षक सोनू निगम रविवार सुबह सड़क हादसे में घायल हो गए। हादसे में उनकी मां सावित्री देवी (65) और ताऊ शेर सिंह (70) की मौत हो गई। कार चालक भी घायल हुआ है।
प्रभारी निरीक्षक किशन अवतार ने बताया कि सोनू निगम शनिवार को छुट्टी लेकर बुलंदशहर अपने घर गए थे। रविवार सुबह वह मां और ताऊ के साथ लखनऊ के मोहनलालगंज में रिश्तेदारी के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
सुबह करीब नौ बजे काकोरी में चकौली अंडरपास के पास कार अनियंत्रित होकर आउटर रिंग रोड पर खंभे से टकरा गई। इसके बाद कार कई बार पलट गई। उन्होंने बताया कि सोनू चालक के बगल वाली सीट पर बैठे थे।
उनकी मां और ताऊ पीछे बैठे थे। टक्कर के बाद आगे के एयरबैग खुल गए। इससे दरोगा और चालक संदीप भाटी की जान बच गई। पीछे बैठे उनकी मां और ताऊ को गंभीर चोटें आईं।
बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को कार से बाहर निकाला तथा ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने सावित्री देवी और शेर सिंह को मृत घोषित कर दिया। जबकि दरोगा और चालक का उपचार चल रहा है। हादसे की सूचना से साथी पुलिसकर्मी दरोगा के परिवार के सदस्यों की मौत से गमगीन है। वहीं, प्रभारी निरीक्षक किशन अवतार और वरिष्ठ उपनिरीक्षक कुलजीत सिंह लखनऊ के लिए रवाना हो गए।ॉ