बाघिन की मौत के बाद वनों में बढ़ाई गश्त
कालागढ़। कार्बेट टाइगर रिजर्व की कालागढ़ रेंज में एक बाघिन का बुधवार को शव मिलने के बाद वन विभाग ताबड़तोड़ गश्त कर बाघों की तलाश में जुट गया है। कालागढ़ के रेंज अधिकारी राकेश कुमार भट्ट के अनुसार बाघों का पता लगाया जा रहा है, कहीं किसी और बाघिन को तो बाघ ने संघर्ष कर न मार डाला हो।
कार्बेट नेशनल पार्क के बिजरानी एवं कालागढ़ उप वन प्रभाग के अंतर्गत नौ दिनों में दो बाघों की मौत के बाद वन विभाग चौकसी बरत रहा है। वन विभाग के गश्ती दल बाघों की तलाश में जुट गए हैं। हालांकि वनों में ट्रैप कैमरे लगे हैं। फिर भी वन अधिकारियों ने सशस्त्र गश्ती दलों को सतर्कता से गश्त करने के निर्देश दिए हैं। राकेश कुमार भट्ट ने बताया कि बुधवार को सूखास्रोत के सहायक नाले में मिली बाघिन के शव के मामले में एक अनुमान यह भी लगाया जा रहा है कि उसका किसी अन्य बाघ से संघर्ष हुआ होगा। ऐसी स्थिति में दूसरे बाघ का पता लगाना बहुत जरूरी है। उन्होंने बताया कि फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद तो पता चलेगा ही कि बाघिन की मौत का रासायनिक कारण क्या था। परंतु वर्तमान भौतिक परिस्थितियों पर भी निगाह रखी जा रही है।