‘स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच और वैक्सीनेशन बढ़ाएं’
नजीबाबाद। एसडीएम परमानंद झा ने कोविड अस्पताल सीएचसी समीपुर और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने संक्रमण की जांच और वैक्सीनेशन बढ़ाने के साथ बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के निर्देश दिए।
एसडीएम परमानंद झा ने मंगलवार को समीपुर स्थित 30 बेड के कोविड अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों और स्टाफ से कोविड अस्पताल में भर्ती संक्रमित मरीजों की चिकित्सा व्यवस्था की जानकारी की। एसडीएम ने मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के प्रति गंभीर रहने को कहा।
एसडीएम ने सीएचसी समीपुर और पीएचसी नजीबाबाद में अधिक से अधिक कोविड जांच की सुविधा बहाल करने तथा वैक्सीनेशन के लिए आए लोगों को समय से टीकाकरण लगाने को कहा। एसडीएम ने सीएचसी और पीएचसी पर कोविड जांच के लिए आए लोगों से जानकारी की। एसडीएम ने स्वास्थ्य विभाग कर्मचारियों को कोविड अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्रों को सैनिटाइज रखने के भी निर्देश दिए।