पुस्तक प्रकरण में आपूर्तिकर्ता को नोटिस जारी कर होगा जबाव तलब
धामपुर। बीएसए बिजनौर जयकरन सिंह यादव ने मंगलवार को धामपुर बीआरसी का निरीक्षण किया। शिक्षकों के साथ बैठक की। बीएसए ने कहा कि ड्रॉपआउट बच्चों की पुस्तकों के मामले में आपूर्तिकर्ता की ओर बड़ी गलती हुई। पुस्तकों के बिलों को ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर नहीं देना था। बीएसए कार्यालय पर जमा करना था। सप्लायर को नोटिस जारी कर जबाव मांगा जा रहा है।
ड्रॉपआउट बच्चों के प्रशिक्षण के लिए विभाग की ओर से ब्लाक संसाधन केंद्रों पर उपलब्ध कराई पुस्तकों को लेकर बखेड़ा खड़ा हो गया है। अमर उजाला में खबर के प्रमुखता से प्रकाशित होने पर मंगलवार को बीएसए ने धामपुर बीआरसी का निरीक्षण किया। यहां पर शिक्षकों की बैठक ली। शिक्षकों को बताया कि वे इन पुस्तकों का वितरण करा दें। पर शिक्षकों ने मना कर दिया। शिक्षकों ने कहा कि जब तब इस मामले में उनके स्तर से आदेश जारी नहीं होगा। वे पुस्तकों का वितरण नहीं करेंगे। शिक्षकों की मांग पर बीएसए द्वारा आदेश जारी किया गया। बीएसए ने बताया कि आपूर्तिकर्ता की ओर से गलती हुई है। उसे नोटिस जारी कर जवाब मांगा जा रहा है। बीएसए ने बताया कि सरकार की ओर से स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार योजना के तहत फरवरी के अंत तक पंजीकरण होना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा की मुख्यधारा से वंचित 14 साल की आयु के किशोरों को चिह्नित कर उनका स्कूलों में नामांकन होना है। जिले का इस बार करीब साढे़ छह हजार का लक्ष्य है। कोई बच्चा नामांकन से नहीं छूटना चाहिए। इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी योगेशपाल सिंह मौजूद रहे।