फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आहत शिक्षामित्रों ने अर्द्धनग्न होकर किया प्रदर्शन

Wed, 02 Aug 2017 12:06 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, बिजनौर
विज्ञापन
बिजनौर में नुमाइश ग्राउंड पर अर्द्धनग्न होकर प्रदर्शन कर जाम लगाते शिक्षामित्र। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
बिजनौर  में शिक्षामित्रों के आंदोलन के सातवें दिन शिक्षामित्रों ने अर्द्धनग्न होकर जोरदार प्रदर्शन किया और नुमाइश ग्राउंड चौराहे पर जाम लगाया। प्रदर्शन के बाद शिक्षामित्रों का प्रतिनिधिमंडल डीएम से मिला। डीएम से वार्ता के बाद शिक्षामित्रों ने बीएसए कार्यालय पर लगा ताला खोल दिया। बाद में प्रांतीय संगठन के आह्वान पर शिक्षामित्रों ने धरना स्थगित कर दिया है। 
विज्ञापन


जिले में शिक्षामित्र सात दिन से आंदोलन पर हैं। आंदोलन के चलते कई स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था पर असर पड़ रहा है। मंगलवार को शिक्षामित्र प्रांतीय प्रभारी सौरभ चौधरी, जिलाध्यक्ष एहतेशाम, अजय पाल सिंह, पोपेंद्र सिंह, सुजीत तोमर, सुचित मलिक के नेतृत्व में बीएसए कार्यालय से नुमाइश ग्राउंड चौराहे तक अर्द्धनग्न होकर प्रदर्शन किया।
इस दौरान नुमाइश ग्राउंड चौराहे पर जाम भी लग गया। इससे आने-जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारी शिक्षामित्रों का कहना था कि उन्हें समान कार्य के लिए समान वेतन जब तक नहीं मिलेगा उनका आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन के बाद शिक्षामित्र बीएसए कार्यालय पर धरने पर बैठ गए। बाद में प्रांतीय प्रभारी सौरभ चौधरी, सुधीर चौहान, एहतेशाम, मो. वाइज के नेतृत्व में शिक्षामित्रों का प्रतिनिधिमंडल डीएम से मिला। डीएम से वार्ता के बाद शिक्षामित्र बीएसए कार्यालय का ताला खोल ने पर सहमत हो गए।
विज्ञापन


शिक्षामित्रों ने बीएसए दफ्तर का ताला खोल दिया। शिक्षामित्रों ने दस हजार रुपये के मानदेय का विरोध किया है। मंगलवार को बीएसए कार्यालय का ताला खुला। कार्यालय का ताला खुलने पर कर्मचारियों व अधिकारियों ने राहत की सांस ली। धरने पर जूनियर शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सुधीर यादव, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री प्रशांत सिंह, प्रदीप कुमार धीमान, अमित कुमार, अंजू सैनी, प्रीति ऋतु सहित आदि ने विचार रखे। 

अराजकता फैलाने पर होगी कार्रवाई : डीएम 
शिक्षामित्रों के प्रतिनिधिमंडल से डीएम जगतराज ने कानून के दायरे में रहते हुए धरना देने को कहा है। डीएम ने बताया कि किसी को भी कानून अपने हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा। अराजकता करने वालों के खिलाफ सख्ती से निपटा जाएगा। शिक्षामित्रों के साफ सफाई, धरनास्थल पर एंबुलेंस तथा स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था कराने की मांग पर डीएम ने नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी एवं मुख्य चिकित्साधिकारी को तत्काल धरनास्थल पर उक्त व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इसी के साथ उन्होंने धरना पर बैठे शिक्षामित्रों को निर्देश दिए कि अपना विरोध कानून के दायरे में रह कर शांतिपूर्वक प्रदर्शित करें। 

भाकियू शिक्षामित्रों के साथ : दिगंबर 
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष दिगंबर सिंह ने शिक्षामित्रों के धरने पर पहुंच कर उन्हें पूरा समर्थन देने की घोषणा की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि शिक्षामित्रों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। संकट के समय में भाकियू शिक्षामित्रों के साथ है। उन्होंने शिक्षामित्रों से संयम बरतने को कहा। जरूरत पड़ने पर भाकियू पीछे नहीं हटेगी। किसानों के साथ शिक्षामित्रों के हकों के लिए भी भाकियू लडे़गी। 

प्रदर्शन में फंसे स्कूली बच्चे 
शिक्षामित्रों के अर्द्धनग्न प्रदर्शन के दौरान डीडीपीएस में छुट्टी हो गई। प्रदर्शनकारियों की संख्या ज्यादा होने से स्कूल के सामने जाम की स्थिति बन गई। स्कूली बच्चे प्रदर्शनकारियों के जुलूस में फंस गए तथा काफी देर तक बच्चे परेशान रहे। पुलिस-प्रशासन को व्यवस्था बनाने में मशक्कत करनी पड़ी।  

आज स्कूल जाएंगे शिक्षामित्र  
समायोजित आदर्श शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन व उप्र प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के प्रांतीय संगठन के पदाधिकारियों की सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ मंगलवार को लखनऊ में हुई वार्ता के बाद अग्रिम आदेश तक प्रदेश में आंदोलन स्थगित कर दिया है। प्रांतीय प्रभारी सौरभ चौधरी व प्रांतीय महामंत्री पुनीत चौधरी ने बताया कि दो अगस्त को समायोजित अध्यापक अपने-अपने वर्तमान के विद्यालयों में पहुंच कर शिक्षण कार्यों में सहयोग करेंगे। दूसरी ओर, उप्र जूनियर हाई शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सुधीर यादव, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नागेश कुमार ने भी शिक्षकों से स्कूलों में शिक्षामित्रों का सहयोग करने को कहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें