बिजनौर। डीएम जगतराज ने सभी अधिकारियों को सचेत किया है कि विभागीय शिकायतों के निस्तारण के प्रति गंभीरता बरतें और यथा सम्भव उनका शीघ्रता और गुणवत्ता के साथ निस्तारण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शासन स्तर पर शिकायतों के निस्तारण कार्य को बहुत गंभीरता के साथ विश्लेषण किया जा रहा है और अनावश्यक रूप से लंबित शिकायतों के रखने वाले विभागीय अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। तहसील दिवस में 54 शिकायतें दर्ज हुईं।
आज तहसील सदर के सभागार में आयोजित तहसील दिवस में उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने-अपने दफ्तरों में प्रात: नौ से 11 बजे तक निश्चित रूप से बैठें। इस दौरान जन शिकायतों को भी सुन कर उनका निस्तारण करना सुनिश्चित करें। कहा कि उनके द्वारा आयोजित होने वाले जनता दर्शन के दौरान यदि इस प्रकार का कोई मामला संज्ञान में आता है कि शिकायतकर्ता को अधिकारी उपलब्ध नहीं मिला अथवा उसकी शिकायत को गंभीरतापूर्वक नहीं सुना गया तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई करते हुए शासन को लिखा जाएगा। आज आयोजित होने वाले तहसील दिवस में कुल 54 शिकायतें दर्ज हुईं। इनके यथाशीर्घ निस्तारण के लिए जिलाधिकारी द्वारा संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए। तहसील दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक अतुल शर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. राकेश मित्तल, जिला विकास अधिकारी संतोष कुमार के अलावा सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।