-नियमों का उल्लंघन कर चौराहों पर लगाए जा रहे होर्डिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। शहर के मंडावर चौराहे पर नियमों को ताक पर रखकर लगाए गए होर्डिंग हादसों को दावत दे रहे हैं। चौराहे के आसपास लगे बड़े-बड़े विज्ञापन बोर्डों के कारण एक तरफ से आने वाले वाहन चालकों को दूसरी तरफ से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते हैं। इससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
मंडावर चौराहा प्रमुख मार्गों को जोड़ने वाला स्थान है। यहां से रोजाना बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। चौराहे से मेरठ, मुरादाबाद, मंडावर और शहर की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में यहां यातायात व्यवस्था को लेकर लापरवाही भारी पड़ सकती है। जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या को लेकर मौन हैं। वाहन चालकों को चौराहा पार करते समय दोनों ओर देखना पड़ता है लेकिन आसपास लगे होर्डिंग उनकी नजर में बाधा बन रहे हैं। एक दिशा से आने वाले वाहन चालक को दूसरी दिशा से आ रहा वाहन समय पर दिखाई नहीं देता। ऐसे में अचानक सामने आने वाले वाहन से टक्कर होने का खतरा बना रहता है।
नियमों की अनदेखी, जिम्मेदार मौन
चौराहों पर विज्ञापन बोर्ड लगाने के लिए यातायात और सुरक्षा से जुड़े नियमों का ध्यान रखना जरूरी है। इसके बावजूद मंडावर चौराहे पर होर्डिंग लगाए जाने से वाहन चालकों की दृश्यता प्रभावित हो रही है। व्यस्त मार्ग होने के कारण यहां थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। जिम्मेदार भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
वर्जन::
नगरपालिका क्षेत्र में लगे होर्डिंग का चिन्हीकरण किया जा रहा है। इसके बाद अवैध होर्डिंग हटाने के लिए अभियान चलाया जाएगा।
...रामपाल, अधिशासी अधिकारी, नगरपालिका, बिजनौर