इक्कड़ हाथी को पांच राउंड फायर कर खदेड़ा
कालागढ़। वन विभाग के गश्ती दल ने सिंचाई विभाग के कर्मचारियों को पांच राउंड फायर कर इक्कड़ हाथी से बचाया।
कालागढ़ के वनों में इक्कड़ हाथी की दशहत बरकरार है। हाथी सिंचाई विभाग के वाहन को मार्ग पर आते देखते ही उसकी ओर चिंघाड़ता हुआ तेजी से दौड़ लगा रहा है। सैडिल बांध से कालागढ़ की ओर आ रही शिफ़त को हाथी ने एक बार फिर से रोक दिया। हाथी से बचाव के लिए कांदरू स्रोत के गश्ती दल ने पांच राउंड फायर किए और गंधक पोटाश से मिश्रण से धमाका किया। जिससे हाथी वाहन से दूर रहा। किसी तरह से वाहन वापस कालागढ़ पहुंचा। धीरू, मुकेश, हेमंत और दिनेश आदि कर्मी सैंडिल बांध से कालागढ़ जा रहे थे। वाहन को चालक शेर सिंह चला रहा था। हाथी ने कांदरू स्रोत के गश्ती दल क्षेत्र में वाहन पर हमला बोल दिया। जिस पर गश्ती दल ने पांच राउंड फायरिंग कर हाथी को वाहन से दूर किया।
गश्ती दल प्रभारी इंद्रमोहन ध्यानि ने बताया कि अब वह स्वयं कर्मचारियों के साथ बांध तक छोड़ने व लेने जा रहे हैं। कर्मचारियों की सुरक्षा की जा रही है। उधर बांध के कर्मचारियों में सुरक्षा को लेकर दहशत का माहौल है। जेई विनीत कुमार का कहना है कि वन विभाग के कर्मी के बिना कर्मचारियों को बांध पर नहीं भेजा जा रहा है। उधर कालागढ़ के वन क्षेत्राधिकारी आरके भट्ट का कहना है कि हाथी सक्रिय है। बांध पर जाने व बांध से कालागढ़ आने में वन विभाग सिंचाई विभाग की पूरी मदद कर रहा है।