सड़क पर कूड़ा फेंका तो लगेगा जुर्माना
धामपुर(बिजनौर)। धामपुर नगर पालिका परिषद ने हिदायत दी है कि यदि किसी ने सड़क पर कूड़ा फेंका तो उस पर 500 रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। बार-बार कूड़ा डालने पर यह धनराशि बढ़ा दी जाएगी। पालिका की ओर से लोगों में जागरूकता लाने के लिए वाहनों से एनाउंसमेंट कराया गया। जिसमें कहा गया है कि लोग कूड़े को अपने घर में एकत्र करने के बाद बाहर रख दें। पालिका के कर्मचारी जाएंगे और कूड़े को उठाकर ले जाएंगे। किसी भी सूरत में सड़कों पर कूड़ा न डाला जाए।
पालिका के ईओ मनोज कुमार रस्तोगी, सफाई निरीक्षक इंद्रपाल सिंह ने बताया कि भारत सरकार की ओर से स्वच्छता सर्वेक्षण हो गया है। इसमें धामपुर पालिका ने जिले की अन्य पालिकाओं की तुलना में नंबर वन बनने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसी लक्ष्य को मानते हुए पालिका तैयारी शुरू कर दी है। इस परिप्रेक्ष्य में पालिका की ओर से शुक्रवार को एनाउंसमेंट करा लोगों को जागरूक किया गया। लोगों को चेतावनी दी जा रही है कि यदि किसी ने भी सड़क पर कूड़ा डाला तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कोई भी व्यक्ति या महिला खाली प्लाटों और सड़कों पर कतई कूड़ा फेंकने का प्रयास न करे। आदेशों का उल्लंघन करने वालों को पालिका की ओर से दंडित किया जाएगा। सभी लोग नगर को स्वच्छ बनाने में पालिका की मदद करें। पालिका की ओर से डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए कई रिक्शाओं को लगाया गया है। लोगों ने पालिका के इस प्रयास की सराहना की है। विजय कुमार, करन सिंह, गौरव कुमार का कहना है कि नगर के लोगों को पालिका का सहयोग करना चाहिए।