अग्निकांड में पुत्र की मौत से बेहोश पड़ी मां।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बिजनौर के मंडावली थाना क्षेत्र के गांव रामपुर चाठा में झोपड़ी में भीषण आग लगने से तीन वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। अग्निकांड में तीन मवेशी भी झुलस गए। झोपड़ी में खाना बनाते समय बंदरों को भगाने के चक्कर में यह हादसा हुआ।
गांव रामपुर चाठा निवासी गंगाराम का परिवार खेत में बनी झोपड़ी में रहता है। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे गंगाराम की पत्नी आदेश खाना बना रही थी। इस बीच अचानक बंदर आ गए। बंदरों को भगाने के लिए जैसे ही वह बाहर निकली, तभी अचानक झोपड़ी में आग लग गई। गंगाराम कुछ फासले पर खेत में काम कर रहा था। महिला की चीख सुनकर गंगाराम और अन्य ग्रामीण पहुंचे। झोपड़ी और पशुशाला में भीषण आग लग चुकी थी। घटना के समय गंगाराम का इकलौता पुत्र तीन वर्षीय मासूम कृष्ण भी इस आग की चपेट में आकर जिंदा जल गया। आग से किसान का घरेलू सामान, दस हजार रुपये की नकदी और तीन मवेशी बुरी तरह झुलस गए।
सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान चंद्रो, प्रधानपति सागर सिंह सहित अन्य मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बमुश्किल आग बुझाई। एसडीएम वीके सिंह ने मासूम बच्चे की मौत पर संवेेदना व्यक्त की। उन्होंने लेखपाल से तत्काल घटना की रिपोर्ट तलब की। इसके साथ ही शासन से आर्थिक मदद दिलवाने का पीड़ित को आश्वासन दिया।