बेगावाला/बिजनौर। प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी नवविवाहिता को उसके पति ने दिल्ली से फोन पर तीन तलाक दे दिया। परिजनों की रजामंदी पर विवाहिता अपने प्रेमी के साथ चली गई। मामले में किसी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती का निकाह पास के ही गांव में हुआ है। युवती का अपने पड़ोस में रहने वाले युवक से प्रेम प्रसंग था। निकाह के एक माह बाद पति दिल्ली चला गया। उसकी गैर मौजूदगी में बुधवार की रात नवविवाहिता ने फोन कर प्रेमी को ससुराल बुला लिया। ससुराल वालों ने उसे देख लिया और एक कमरे में बंद कर दिया। उसके बाद विवाहिता के मायके वालों को सूचना दी गई। विवाहिता प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ गई। इसपर पति ने फोन पर तीन तलाक दे दिया। बड़ी जद्दोजहद के बाद गण्यमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी में दोनों परिवारों में फैसला हुआ। दोनों परिवारों ने प्रेमी जोड़े को साथ रहने की अनुमति दे दी। इसके बाद महिला अपने प्रेमी के साथ उसके घर चली गई।